महिला उद्यमिता को समर्पित जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्
ग्वालियर।
महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम “नई राहें – नई शुरुआत” आज ग्वालियर में अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती रीना गांधी के सशक्त, प्रभावशाली एवं कुशल मंच संचालन के साथ हुआ, जिन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में नेशनल गवर्निंग काउंसिल सदस्य एवं मुख्य वक्ता श्री अजय चोपड़ा जी का विशेष योगदान रहा। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए स्वयं का उद्यम प्रारंभ करने, उसे विकसित करने तथा व्यवसायिक चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करने के तरीकों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि कैट (CAT) संगठन महिला उद्यमियों को लघु एवं सूक्ष्म उद्योग स्थापित करने में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदरणीय श्री राजीव कुमार जी, डिप्टी डायरेक्टर, एमएसएमई मंत्रालय, भारत सरकार ने एमएसएमई की विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मेलों में भाग लेने पर मिलने वाली सरकारी अनुदान एवं सहायता की विस्तृत जानकारी दी तथा अधिक से अधिक उद्यमियों से इसका लाभ लेने के लिए आगे आने का आह्वान किया। साथ ही, ग्वालियर मेले को भी इन योजनाओं की पात्रता में शामिल कराने हेतु व्यापारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में श्रीमती निकुंज शर्मा जी, असिस्टेंट डायरेक्टर, एमएसएमई (फूड टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ) ने एमएसएमई के अंतर्गत उपलब्ध प्रशिक्षण कार्यक्रमों, फूड टेक्नोलॉजी एवं तकनीकी सहयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
वहीं उद्यानिकी विभाग से जुड़ी श्रीमती रश्मि रजक जी ने PMFME योजना के अंतर्गत उपलब्ध 35 प्रतिशत सरकारी अनुदान एवं अन्य लाभकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर नेशनल गवर्निंग काउंसिल सदस्य श्रीमती कविता जैन जी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में कैट की भूमिका एवं निरंतर सहयोग पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. केशव पांडे जी ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी अधिकारियों एवं आयोजकों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान 39 महिलाओं ने सूक्ष्म उद्योग स्थापित करने हेतु अपनी रुचि व्यक्त की, वहीं सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं सक्रियता के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। उपस्थित महिलाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं मार्गदर्शक बताया।
कार्यक्रम में कैट के कोर सदस्य श्री जी. के. सूरी, सीए विवेक जैन, साधना संदयाल, सीए तन्वी खंडेलवाल, श्री राम गुप्ता, विवेक सेठी सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



