संदीप – पाटीदार राणा, खरगोंन
धरगांव में किसान संघ की बैठक, मुआवजे को लेकर उठी आवा
धरगांव नि.प्र.। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के नेतृत्व में ग्राम धरगांव स्थित पाटीदार समाज धर्मशाला में किसानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में किसानों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य बड़वाह से धामनोद तक प्रस्तावित सड़क निर्माण के चलते प्रभावित हो रहे किसानों की समस्याओं पर चर्चा करना रहा।
बैठक में किसानों ने बताया कि शासन द्वारा प्रस्तावित इस सड़क निर्माण परियोजना में करीब 35 गांवों के 1096 किसानों की जमीन अधिग्रहित की जा रही है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने मांग रखी कि उन्हें उनकी जमीन का मुआवजा बाजार भाव से कम से कम चार गुना दिया जाए तथा सड़क का निर्माण नीचा (लो लेवल) रखा जाए, जिससे आसपास की कृषि भूमि प्रभावित न हो।
बैठक के दौरान भगवान बलराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। किसान संघ के पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक किसान संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद नहीं करेंगे, तब तक उनकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है।
बैठक के पश्चात सैकड़ों किसानों ने झंडे, बैनर और पोस्टर के साथ मोटरसाइकिल रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सड़क निर्माण से संबंधित अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। करीब 200 किसानों ने वाहन रैली के माध्यम से अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।
किसानों ने ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया कि भूमि अधिग्रहण एक अत्यंत संवेदनशील विषय है और निमाड़-मालवा क्षेत्र में पूर्व में भी ऐसे मामलों को लेकर बड़े आंदोलन हो चुके हैं। यदि समय रहते किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो क्षेत्र में व्यापक असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
किसानों ने अपनी प्रमुख मांगों में भूमि के बदले अधिकतम बाजार मूल्य या गाइडलाइन दर, जो भी अधिक हो, उसके आधार पर कम से कम चार गुना मुआवजा देने तथा गाइडलाइन दरों में 300 प्रतिशत वृद्धि करने की मांग की। साथ ही उन्होंने बताया कि यह भूमि न केवल कृषि उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यहां आधुनिक खेती के माध्यम से वर्ष में तीन से चार फसलें ली जाती हैं। कई किसान डेयरी, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़े हैं, जिससे भूमि अधिग्रहण उनकी आजीविका पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है।
बैठक में भारतीय किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष रेवाराम भापड़िया, संभाग अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिला अध्यक्ष सदाशिव पाटीदार, जिला कार्यालय मंत्री सिताराम सिपाही, जिला उपाध्यक्ष नजीम खान, तहसील अध्यक्ष जगदीश पाटीदार सहित विष्णु पाटीदार, अनिल व्यास एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



