ट्रेन में चढ़ते समय फिसलकर गिरे युवक की मौत, परिवार में मचा कोहरा
जगदीशपुर/अमेठी
निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की ट्रेन में चढ़ते समय गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के पिछूती कोट गांव निवासी शिवम सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शिवम अपनी भाभी खुशबू और उनके चार वर्षीय जुड़वा बच्चों के साथ लखनऊ दवा लेने जा रहे थे। वह तड़के करीब 4 बजे अपनी मौसी शारदा सिंह के घर से इलाज के लिए पैसे लेकर निकले थे। सुबह लगभग 5 बजे सुल्तानपुर से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक ट्रेन में चढ़ते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिर गए।
बताया जा रहा है कि शिवम ने पहले दोनों बच्चों को सुरक्षित ट्रेन में चढ़ा दिया था और इसके बाद अपनी भाभी को चढ़ाने का प्रयास कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने उन्हें बाहर निकालकर जगदीशपुर स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता राम मनोरथ सिंह व माता दुर्गावती का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़े भाई सत्यम सिंह सूरत में नौकरी करते हैं। परिजनों के अनुसार 28 अप्रैल को उनकी बहन खुशी की गोद भराई का कार्यक्रम निर्धारित था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं स्टेशन अधीक्षक लखनलाल मीना ने बताया कि हादसे के चलते ट्रेन कुछ समय के लिए स्टेशन पर रोकी गई थी।



