Skip to main content

Aaj Tak24x7

फागों का हुआ जोरदार मुकाबला, मंदिर में बनेगा सुंदर गार्डन

फागों का हुआ जोरदार मुकाबला, मंदिर में बनेगा सुंदर गार्ड

 

बरेला/जबलपुर – नगर के बजरंग बाल विहार में विगत दिवस फागों का भव्य एवं रोमांचक मुकाबला आयोजित किया गया, जिसमें पूरी रात तक भक्तिमय और सांस्कृतिक माहौल बना रहा। इस मुकाबले में गोटेगांव नरसिंहपुर के प्रसिद्ध फाग कवि सुनील बर्मन और अमखेरा जबलपुर के राजेश रैकवार के बीच शानदार प्रस्तुति देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान मृदंग वादक रवि कुमार करमेता एवं संजय यादव गौर तथा नगाड़ा वादक मोहनलाल और दुर्गेश ने अपनी उत्कृष्ट कला से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन बसनिया के देवी गीत गायक प्रभात दुबे एवं फाग कवि नोखेलाल कुशवाहा ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को रोचक बनाए रखा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक सुशील तिवारी “इंदू भैया” ने मंदिर प्रांगण में एक सुंदर मिनी गार्डन के निर्माण हेतु 8 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने सामुदायिक भवन के निर्माण की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।

समिति अध्यक्ष महेश मानव के अनुसार अतिथियों का स्वागत समिति के सदस्यों द्वारा पारंपरिक रूप से दुशाला पहनाकर किया गया। कार्यक्रम में खुखम, गाडरखेड़ा, बिलहरी, कलगोडी, बसनिया, देवरी, केलवाश, घाना, खमरिया सहित अनेक गांवों से फाग प्रेमी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार आर.के. श्रीपाल, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतीक दुबे, पूर्व उपाध्यक्ष सोनू सोनकर, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा सुभाष चौरसिया सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

फागों का यह मुकाबला पूरी रात चलता रहा और सुबह 6 बजे तक लोगों ने भक्ति और लोक संस्कृति का आनंद लिया। यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध लोक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बनकर सामने आया।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7