जितेंद्र जैन जिला शिवपुरी समाचार
विधानसभा शिवपुरी वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी! हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की राह हुई आसान, राजस्व विभाग की गलती सुधरी, अब दिवाली पर होगी सपनों के आशियाने की बुकिंग!

शिवपुरी।.
राजस्व विभाग की सुपरविजन चार्ज की गणना में हुई गलती आखिरकार सुधार ली गई है और इसके साथ ही मप्र हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. हाउसिंग बोर्ड ने अंतर की 2.53 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जमा कर दी है. इसके साथ ही, अब तक कुल 7.39 करोड़ रुपये का प्रीमियम जमा किया जा चुका है, जिससे मेडिकल कॉलेज के पीछे नौहरीखुर्द में बन रही इस 81 बीघा जमीन की रजिस्ट्री और पट्टा निष्पादन का मार्ग प्रशस्त हो गया है.
इसी सप्ताह होगी जमीन की रजिस्ट्री और शुरू होगी प्रक्रिया:
अगले सप्ताह के दौरान आवंटित जमीन के एवज में पट्टा निष्पादन होने की पूरी उम्मीद है. इसके तुरंत बाद रेरा पंजीयन की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके माध्यम से हाउसिंग बोर्ड अपनी इस आवासीय कॉलोनी के मकान और प्लॉट की ऑनलाइन बुकिंग की शुरुआत कर सकेगा. उम्मीद जताई जा रही है कि लोग इस आगामी दिवाली के आसपास अपनी बुकिंग करा सकेंगे.
विकास कार्यों ने पकड़ी रफ्तार और कमर्शियल प्लॉट बेचने की तैयारी:
इस प्रोजेक्ट के लिए नगरपालिका से कॉलोनी विकास की अनुमति पहले ही मिल चुकी है और 12.65 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स भी जमा किया जा चुका है. केवल भवन अनुमति मिलना शेष है जो अगले महीने तक मिलने की संभावना है. इसके अलावा, जमीन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 2.50 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है. शुरुआती बजट और वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हाउसिंग बोर्ड ने तीन बड़े कमर्शियल प्लॉट (3414, 1404 और 1339 वर्गमीटर के) पहले बेचने की कवायद भी शुरू कर दी है.