एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के चलते दतिया वाला मोहल्ला में सड़क धंसी, मकानों में आई दरारें मंत्री श्री नारायन सिंह कुशवाह ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ग्वालियर, 27 सितंबर 2026।
एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के चलते ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के ढोली बुआ का पुल के पास दतिया वाला मोहल्ला में सड़क धंसने तथा आसपास के कई मकानों में दरारें आने की सूचना पर माननीय मंत्री श्री नारायन सिंह कुशवाह जी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
मंत्री श्री कुशवाह ने प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए स्थानीय नागरिकों से चर्चा की और उनकी समस्याओं एवं चिंताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को सड़क धंसने के कारणों की तत्काल जांच करने तथा प्रभावित मकानों एवं क्षेत्र की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री कुशवाह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित घरों की समस्याओं का गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम श्री नरेन्द्र बाबू यादव जी, नगर कार्यपालन यंत्री श्री वेदप्रकाश निरंजन जी सहित स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



