Skip to main content

Aaj Tak24x7

सोनभद्र: ऑपरेशन शुद्धि में बड़ी कामयाबी, 60 लाख का गांजा पकड़ा, लग्जरी कारों से तस्करी कर रहे 3 तस्कर गिरफ्तार*

*सोनभद्र: ऑपरेशन शुद्धि में बड़ी कामयाबी, 60 लाख का गांजा पकड़ा, लग्जरी कारों से तस्करी कर रहे 3 तस्कर गिरफ्तार

 

*आज तक 24x7news सोनभद्र से विनोद कुमार की रिपोर्ट*

 

*सोनभद्र।* जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत करमा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ने बताया कि बीती रात करमा पुलिस और एसओजी की टीम ग्राम करनवाह जाने वाले तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिन्दुआरी की तरफ से आ रही दो कारों के चालकों ने पुलिस को देखकर तिराहे से करीब 50 मीटर पहले ही गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। शक होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।

 

*टेप से लिपटे मिले पैकेट, ऐसे छिपाया था गांजा*

तलाशी में पुलिस को महिंद्रा XUV-500 की स्टेपनी के नीचे और मारुति सुजुकी ब्रेजा के पीछे व बीच वाले हिस्से में टेप से लिपटे छोटे-छोटे पैकेट मिले। इन पैकेटों से कुल 118 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

 

पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब *60 लाख रुपये* है। तस्करी में इस्तेमाल हो रही दोनों लग्जरी कारों के अलावा मौके से *पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 8,280 रुपये नकद* भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने कुल बरामदगी की कीमत करीब *95 लाख रुपये* आंकी है।

 

*ओडिशा से मिर्जापुर ले जा रहे थे खेप, 15 हजार में तय हुआ था सौदा*

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के सुंदरगढ़ जनपद के एक व्यक्ति के कहने पर गांजा लेकर मिर्जापुर में बताए गए लोगों को सौंपने जा रहे थे। गांजा और गाड़ियों की व्यवस्था भी उसी व्यक्ति ने की थी। खेप पहुंचाने के बदले हर आरोपी को 15-15 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।

 

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले भी गांजा पहुंचाने की बात कबूली है। अब पुलिस गांजे की आपूर्ति के स्रोत, मिर्जापुर में संभावित खरीदारों और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7