Skip to main content

Aaj Tak24x7

हाड़ारानी कॉलेज में स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित*

*हाड़ारानी कॉलेज में स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित

लोकेशन.. सलूम्बर ब्यूरो चीफ कैलाश जोशी की रिपोर्ट

*पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता के लिए दिए निर्देश*

 

*3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 5 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच के लिए होगा मतदान*

 

सलूंबर, 27 अक्टूबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंचायत समिति सलूंबर क्षेत्र में मतदाता जागरूकता एवं मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजकीय हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सलूंबर में सोमवार को स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

 

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनैद पी.पी., रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चंद्र बामनिया एवं स्वीप प्रभारी रामावतार यादव के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में पंचायत समिति सलूंबर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्रों पर नियुक्त होने वाले स्काउट-गाइड को उनके दायित्वों एवं कार्यों की जानकारी दी गई।

 

प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को मतदान दिवस पर पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने और मतदान करने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

 

*मतदाताओं की सहायता एवं सुचारू मतदान व्यवस्था पर जोर*

 

राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ के सचिव श्याम किशोर उपाध्याय ने वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, मतदाताओं के सहयोग तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

 

उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता करते हुए मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सभी वॉलंटियर्स निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए निष्पक्षता एवं सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

 

*निर्वाचन प्रशिक्षण टीम ने किया सहयोग*

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम में हाड़ारानी कॉलेज के प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह पंवार, व्याख्याता डॉ. देवेंद्र एवं डॉ. प्रशांत उपस्थित रहे। स्काउट-गाइड प्रशिक्षण टीम के प्रभारी हरीश कुमार कलासुआ, हार्दिक द्विवेदी, श्रीमती अरविंद कल्याण एवं श्रीमती हेमलता मेघवाल ने प्रशिक्षण गतिविधियों में सहयोग प्रदान किया।

 

इस अवसर पर स्वीप प्रकोष्ठ सलूंबर से इंद्रलाल पांचाल एवं राजेंद्र कुमार पंड्या भी उपस्थित रहे।

 

*निर्धारित तिथियों पर होगा मतदान*

 

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत सलूंबर पंचायत समिति क्षेत्र में 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए तथा 5 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

aajtak24x7
Author: aajtak24x7