लोकेशन/ सोनभद्र उत्तर प्रदेश
रिपोर्ट/ कन्हैयालाल केशरी
*रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, कक्षा सात को मिला प्रथम स्थान
ओबरा (सोनभद्र)। दीपावली पर्व के उल्लास के बीच चोपन रोड स्थित ग्रीन माउंटेन स्कूल में धनतेरस के अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा चार से आठ तक के कुल 76 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं।
विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी रंगोलियों, फूलों और दीपों की सजावट से जगमगा उठा। किसी ने फूलों से मां लक्ष्मी के चरण बनाए तो किसी ने दीपों से सजी रंगोली में शुभ दीपावली का संदेश दिया। वहीं मोर, कलश और स्वास्तिक की आकर्षक आकृतियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में रंगों का चयन, स्वच्छता, डिजाइन और रचनात्मकता के आधार पर विद्यालय के शिक्षकों ने संयुक्त रूप से मूल्यांकन किया। इसके बाद प्रबंधक डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने परिणाम घोषित किया। इसमें कक्षा सात ने प्रथम, कक्षा छह ने द्वितीय तथा कक्षा पांच ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय की संस्थापिका श्रीमती शांति देवी ने विजेता विद्यार्थियों को अपने हाथों से पेन देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को मेहनत, लगन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी प्रतिभा से विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। रंगोली भारतीय संस्कृति और शुभता का प्रतीक है।
प्रबंधक डॉ. अमित सिंह कुशवाहा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बच्चों की छिपी प्रतिभा निखरती है। साथ ही उनमें टीम भावना, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ता है। विद्यालय में आगे भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य त्रिलोक नाथ झा सहित धर्मजीत कुमार, विमलेश दीक्षित, पवन राय, अरुण प्रजापति, निरंजन चौरसिया, तमन्ना बानो, लक्ष्मी गुप्ता, विनीता, पूनम गुप्ता, पूनम सिंह, पूजा कुमारी, आरती मौर्या, संध्या, गुलफ्शा, मुमताज बानो, अल्फीशा खनम, कामता सिंह सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
अंत में संस्थापिका श्रीमती शांति देवी ने विद्यालय परिवार को धनतेरस एवं दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उपहार वितरित किए। कार्यक्रम का समापन मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को दीपावली की बधाई देकर किया गया।



